Breaking News

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पांचवीं किश्त किसानों के खातों में हुई हस्तांतरित



झुंझुनूं, 22 जनवरी 2026 । मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को पांचवीं किश्त की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम जिला परिषद सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिरोही जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया, जिसे किसानों और जनप्रतिनिधियों ने देखा।

जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा योजना की पांचवीं किश्त के रूप में पात्र किसानों के खातों में एक हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष तीन हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि झुंझुनूं जिले के 2 लाख 15 हजार 893 किसानों को कुल 21 करोड़ 58 लाख 93 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में भेजी गई। साथ ही राज्यभर में ग्राम उत्थान शिविरों का शुभारंभ भी किया गया।

डॉ. गर्ग ने बताया कि जिले में ग्राम उत्थान शिविर प्रत्येक गिरदावर सर्किल स्तर पर 23 जनवरी से 9 फरवरी 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला प्रमुख हर्षिनी कुल्हरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश चंद्र यादव, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राजेंद्र लांबा, एसीएम सुप्रिया कालेर, केंद्रीय सहकारी बैंक के संदीप शर्मा, अजय चाहर सहित किसान, जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।