फतेहपुर, 24 जनवरी 2026 । जयपुर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर स्थित फतेहपुर की पिंजरापोल सोसायटी द्वारा संचालित गौशाला में गौसेवा को नई दिशा मिल रही है। यहां करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से पांच आधुनिक गौ-आवासों का निर्माण किया जाएगा, जिससे हाईवे से गुजरने वाले यात्री गौमाताओं के दर्शन कर उनकी सेवा भी कर सकेंगे।
पिंजरापोल सोसायटी की गौशाला एवं नंदीशाला में वर्तमान में चार शाखाओं पर 2000 से अधिक गोवंश आश्रयरत हैं। गोवंश की लगातार बढ़ती संख्या के कारण नए गौ-आवासों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, वहीं कुछ पुराने गौ-आवास 100 वर्ष से अधिक पुराने होकर जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच चुके हैं। इसी को देखते हुए स्थानीय प्रबंधन समिति अध्यक्ष बाबूलाल झालानी ने सीकर रोड शाखा पर सुविधाजनक पांच नए गौ-आवास बनाने का संकल्प लिया है।
प्रस्तावित प्रत्येक गौ-आवास 146 फुट लंबा व 100 फुट चौड़ा होगा, जिसमें तीन साइड शेड एवं पानी की खेल की समुचित व्यवस्था रहेगी। हाईवे की ओर से गोभक्त रुककर गुड़, चारा आदि गोवंश को खिला सकेंगे। प्रत्येक गौ-आवास की अनुमानित लागत 20 लाख रुपये होगी।
श्रीमती रामादेवी की स्मृति में मोदी कॉन प्राइवेट लिमिटेड के ट्रस्टी दानवीर सांवरमल मोदी के सहयोग से एक गौ-आवास का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। वहीं बसंत पंचमी के अवसर पर भामाशाह गिरधारी लाल मोदी द्वारा मोदीसन चैरिटेबल ट्रस्ट के आर्थिक सहयोग से दो गौ-आवासों के निर्माण हेतु विधिवत गौ-पूजन कर भूमि पूजन किया गया।
इस अवसर पर प्रबंधन समिति सचिव सुनील बूबना ने बताया कि नए गौ-आवास बनने से सर्दी-गर्मी में गोवंश को राहत मिलेगी और चारा-पानी की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी। कार्यक्रम में बाबूलाल झालानी, सुनील बूबना, रामनिवास सैनी, हरदयाल ढाका, मोहनलाल धानुका, रमाकांत गोयनका सहित बड़ी संख्या में गोभक्त उपस्थित रहे।
