Breaking News

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

तीन दिन से लापता महिला का कोट बांध में मिला शव



शिव मंदिर से दर्शन के दौरान हुई थी लापता, पुलिस जांच में जुटी


उदयपुरवाटी, 25 जनवरी 2026 । उदयपुरवाटी क्षेत्र के कोट बांध में रविवार को एक लापता महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मुकुंदगढ़ निवासी महिला के रूप में हुई है, जो तीन दिन पहले अपने पति के साथ शिव मंदिर में दर्शन करने आई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दर्शन के दौरान महिला वॉशरूम जाने की बात कहकर वहां से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। पति द्वारा आसपास तलाश करने और ग्रामीणों को सूचना देने के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सिविल डिफेंस व डॉग स्क्वायड की मदद से लगातार तीन दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। रविवार को कोट बांध में महिला का शव दिखाई देने पर स्थानीय तैराक रतन गुर्जर ने साहस दिखाते हुए शव को पानी से बाहर निकाला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उदयपुरवाटी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

घटना के बाद मृतका के परिजनों में शोक की लहर है, वहीं क्षेत्र में भी इस दुखद घटना को लेकर चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।