नवलगढ़/चित्तौड़गढ़ । चित्तौड़गढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-20 (पुरुष) फुटबॉल चैम्पियनशिप का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां DFA, झुंझुनू और फुटबॉल एकेडमी, जोधपुर के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो पाई।
मैच के अंतिम क्षणों में झुंझुनू को पेनल्टी का सुनहरा मौका मिला, लेकिन खिलाड़ी उसे गोल में तब्दील नहीं कर सका, जिससे मैच और भी तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद निर्णय ट्राई-ब्रेकर से हुआ, जिसमें फुटबॉल एकेडमी, जोधपुर ने 4-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।
DFA, झुंझुनू को उपविजेता से संतोष करना पड़ा, लेकिन टीम के शानदार प्रदर्शन ने सभी का दिल जीत लिया। झुंझुनू के खिलाड़ी जयदीप पुनिया को पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया।
संघ के अध्यक्ष पवन शर्मा ने मैच का आंखों देखा हाल साझा करते हुए खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना की। वहीं, DFA सचिव महेंद्र सिंह बिजारणिया और अन्य सदस्यों ने टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
फाइनल मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में झुंझुनू जिले के फुटबॉल प्रेमी और संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
